Sunday, 24 October 2021

सैनिकों ने रूटमार्च के साथ हाडी रानी को अर्पित की पुष्पांजलि

✍️ Salumbar Blog |

उदयपुर स्थित एकलिंगगढ़ सैन्य स्टेशन के स्वर्णिम विजय वर्ष समारोह के अन्तर्गत 'द मेवाड़ ट्रेल' एक पैदल आधारित अभियान यात्रा रविवार को सलूंबर पहुंची। मेवाड़ के पूर्व रियासत से जुड़ी भारतीय सेना के ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट की 9वीं बटालियन की मेजबानी में चल रहे इस अभियान की सैन्य टुकड़ी का नगर के जन प्रतिनिधियों, राजनितिक दलों, सामाजिक संगठनों और आमजन ने पुष्प वर्षा के बिच आतिशी स्वागत किया।

(चित्र : हाड़ी रानी स्मारक पर पुष्पांजलि कार्यक्रम के दौरान सैनिक)

बटालियन के 70 जवानों का जत्था मेवल क्षेत्र से होकर दोपहर एक बजे सलूंबर के सुरजपोल पहुंचा। जहां से पैदल रूटमार्च करते हुए खटीक वाडा, गांधी चौक, होली चौक, पैलेस रोड़ होते हुए रावलीपोल पहुंचा। मार्ग में जगह-जगह रंगोलियां सजाई, स्वागत द्वार लगाए गये। जहाँ तिलक, माल्यार्पण, पुष्य वर्षा और आतिशबाजी की गई। युवाओं ने जमकर देशभक्ति से ओतप्रोत जयकारे लगाए।

(चित्र : तिरंगे झंंडे के साथ रावलीपोल में प्रवेश करती सैन्य टुकड़ी )

सैनिको ने रावलीपोल स्थित शहीद स्मारक, हाड़ी रानी स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। वही पेनोरमा प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बाण माता मंदिर में दर्शन कर माथा टेका। इस दौरान दुवाओं के साथ ही महिलाओ और बच्चों में सशस्त्र सैनिकों के साथ फोटो खींचवाने की होड़ सी मची रही। एहतियात के तोर पर थानाधिकारी हनवंत सिंह सोढा पुलिस जाप्ते के साथ तैनात रहे।

(चित्र : बच्चों में सैैनिकों के साथ फोटो का उत्साह  )

आपको बता दे कि इस यात्रा अभियान का उद्देश्य मेवाड़ क्षेत्र के महापुरुषों, वीर-वीरांगनाओं, सैनिकों की वीरता, बलिदान और त्याग भावना को याद दिलाना है। यह यात्रा गत 8 अक्टूबर को उदयपुर से रवाना हुई थी जिसका समापन 27 अक्टूबर को वापस उदयपुर पहुँचने पर होगा। इन सैनिकों द्वारा हल्दी घाटी, चितौड़गढ, कुंभलगढ़ एवं दिवेर आदि होते हुए मेवाड़ के महत्वपूर्ण एतिहासिक स्थलों के भ्रमण के साथ 550 किलोमीटर की दूरी तय की जा रही है।


***** सलूम्बर ब्लॉग *****

Monday, 18 October 2021

सलूम्बर पालिकाध्यक्ष ने शिक्षामंत्री से की रिक्त पद भरने की मांग

Salumbar Blog |
सलूम्बर नगर पालिका के चैयरमेन प्रद्युम्न कोडिया ने सोमवार को शिक्षा राज्य मंत्री गोविंद डोटासरा को ज्ञापन सौप कर राउमावि में वर्षों से लंबित रिक्त पदों को भरने की मांग की।
कोडिया ने अपने ज्ञापन में बताया कि सलूम्बर मुख्यालय स्थित ब्लॉक के सर्वाधिक विद्यार्थी संख्या वाले राउमावि में कुल 49 पद स्वीकृत है। मगर इसमें 26 पद लंबे समय से रिक्त चल रहे है। ऐसे में इन्हें शिघ्रता से भरते हुए राहत दिलाने की मांग की।

साथ ही कोडिया ने टीएसपी बाहुल्य सलूम्बर मुख्यालय प पर अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय को मंजूरी देकर क्षेत्र के जरूरतमंद विद्यार्थियों को राहत दिलाने की मांग की। उल्लेखनीय है कि मंत्री डोटासरा धरियावद विधानसभा सीट उप चुनाव के तहत झल्लारा ब्लॉक के धोलागिर खेड़ा में सभा को संबोधित करने आये थे।

***** सलूम्बर ब्लॉग *****

Wednesday, 13 October 2021

शिक्षा विभाग में 29 अक्टूबर से शुरू होंगे मध्यावधि अवकाश

Salumbar Blog |

दिवाली त्यौहार को लेकर शिक्षा विभाग में 29 अक्टूबर से मध्यावधि अवकाश शुरू होंगे। यह अवकाश 10 दिन यानी 7 नवम्बर तक रहेंगे।


राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार बुधवार 13 अक्टूबर को माध्यमिक शिक्षा निदेशक आईएएस अधिकारी सौरभ स्वामी ने एक संशोधित आदेश जारी किया। जिसमें मध्यावधि अवकाश की स्थिति स्पष्ट की है।


साथ ही समस्त संस्था प्रधानों के अधीन वाले दोनों अवकाश को लेकर भी निर्देश जारी किए है। जिसमें मध्यावधि अवकाश से पूर्व और पश्चात एक-एक अवकाश घोषित करने को कहा गया है।

✍️ सलूम्बर ब्लॉग

भाजपा : स्टार प्रचारकों की सूची में मेवाड़ के महज 4 नेताओं को मिली जगह

Salumbar Blog |

राजस्थान विधानसभा उपचुनाव अक्टूबर-2021 के तहत मेवाड़ की वल्लभनगर और धरियावद सीट हेतु भजपा ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। जिसमें स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर के 20 नेताओं के नाम है।


मगर इस सूची में पार्टी ने स्थानीय मेवाड़-वागड़ से महज 4 नेताओ को ही जगह दी है। यह नेता गुलाब चंद कटारिया, सीपी जोशी, कनकमल कटारा व सुशील कटारा है। शेष सभी स्टार प्रचारक बाहरी है।

आपको बता देवे कि कांग्रेस की ओर से 2 दिन पूर्व स्टार प्रचारकों की सूची जारी की गई थी। जिसमें स्थानीय को पूरी तवज्जो देते हुए आधे यानी 10 स्थानीय नेताओं को शामिल किया गया।

ये है भाजपा के स्टार प्रचारक -
भाजपा उदयपुर देहात जिला उपाध्यक्ष चन्द्रशेखर जोशी ने बताया कि 20 स्टार प्रचारकों की सूची में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां, प्रदेश प्रभारी अरुणसिंह,, केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर,
नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, केन्द्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर, सांसद ओमप्रकाश माथुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ.अरुण चतुर्वेदी, सांसद दिया कुमारी, सांसद सीपी जोशी, सांसद किरोडीलाल मीणा, सांसद कनकमल कटारा, प्रदेश महामंत्री सुशील कटारा, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा व विधायक जोगेश्वर गर्ग शामिल है।

✍️ सलूम्बर ब्लॉग

रणधीर सिंह ही लड़ेंगे जनता सेना से चुनाव, पत्नी दीपेंद्र की होगी नामांकन वापसी

Salumbar Blog |
विधानसभा उप चुनाव में मेवाड़ की बहुचर्चित वल्लभनगर सीट से जनता सेना के रणधीर सिंह भीण्डर ही प्रत्याशी रहेंगे। उनकी पत्नी दीपेन्द्र कुंवर अपना नामांकन वापस लेगी।

यह फैसला मंगलवार को देर शाम भीण्डर राजमहल परिसर में हुई जनता सेना कोर कमेटी की बैठक में लिया गया। कमेटी ने भीण्डर दंपति में से किसी को भी प्रत्याशी बनाने पर सहमति जताई।

साथ ही कमेटी ने खुद भीण्डर परिवार पर फैसला छोड़ दिया था। इसके बाद जनभावना के अनुरूप सेना के संरक्षक व पूर्व विधायक रणधीर सिंह भीण्डर ही प्रत्याशी बने।

उल्लेखनीय है कि जनता सेना की तरफ से गत दिनों रणधीरसिंह भीण्डर व उनकी पत्नी दीपेन्द्र कुंवर दोनों ने एक साथ अपने-अपने नामांकन दाखिल किए थे। इसके बाद से दीपेंद्र के चुनाव लड़ने के कयास लगाए जा रहे थे।

***** सलूम्बर ब्लॉग *****

Monday, 11 October 2021

उप चुनाव : कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में आधे नेता मेवाड़ के

Salumbar Blog |
मेवाड़ की दो विधानसभा सीटों वल्लभनगर और धरियावद पर हो रहे उप चुनाव में राजनीतिक दलों ने ताकत झोंक दी है. कांग्रेस ने दोनों सीटों पर पार्टी के पक्ष में प्रभावी प्रचार के लिए 20 स्टार प्रचारक लगाए है. इस सूची में स्थानीय मेवाड़-वागड़ के 10 नेताओं को तवज्जो दी गई है.

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी स्टार प्रचारकों की सूची में प्रदेश प्रभारी अजय माकन, सीएम अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंदसिंह डोटासरा, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, प्रभारी मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास जैसे बड़े नेताओं के नाम है. 

मेवाड़-वागड़ के ये नेता बने स्टार प्रचारक-
कांग्रेस ने बड़े नेताओं के साथ ही स्थानीय को भी पूरी तवज्जों देते हुए 10 नेताओं के नाम शामिल किए है. ये नेता पूर्व, वर्तमान जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी है जो उदयपुर संभाग के विभिन्न जिलों से आते है.

इनमें पूर्व सांसद रघुवीर मीणा, मंत्री उदयलाल आंजना, अर्जुन बामनिया, विधायक महेंद्र मालवीया, डॉ. दयाराम परमार, रामलाल मीणा, गणेश घोघरा, पूर्व विधायक पुष्कर डांगी, मांगीलाल गरासिया, डूंगरपुर के निवर्तमान जिलाध्यक्ष दिनेश खोड़निया को प्रचार की जिम्मेदारी दी है.

***** सलूम्बर ब्लॉग *****

गौरव जैन एबीवीपी के जिला संयोजक नियुक्त

#जैन #एबीवीपी के जिला संयोजक नियुक्त
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सलूम्बर जिला संयोजक पद पर विधि महाविद्यालय, उदयपुर छात्र संघ अध्यक्ष गौरव जैन को नियुक्त किया गया है। परिषद सूत्रों के अनुसार गत दिवस कोटा में आयोजित एबीवीपी के तीन दिवसीय प्रान्त अभ्यास वर्ग में जैन को यह दायित्व सौंपा गया है।

✍️नरोत्तम पुरोहित

www.facebook.com/salumbarblog



चार थाना क्षेत्र में चोरी की 16 वारदात करने वाले गिरोह को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Salumbar Blog |
उदयपुर एसपी डॉ. राजीव पचार द्वारा जिले में संपत्ति सम्बन्धित अपराधियों की धरपकड हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान हेतु एएसपी ग्रामीण मुकेश सांखला, सलूम्बर डिप्टी एसपी सुधा पालावत के पर्यवेक्षण में सलूम्बर थानाधिकारी हनवन्त सिह सोढा के नेतृत्व में टीम गठीत कर सम्पति सम्बन्धित अपराधियो की धरपकड की जा रही है।

इसी क्रम में सलूम्बर थाना पुलिस द्वारा सलूम्बर सहित सराडा, जावरमाइन्स व गींगला थाना क्षेत्रो में कई मन्दिरों से रात्री के वक्त नकदी व चांदी के छत्र चुराने एवं कुओ से सबमर्सिबल मोटरे चुराने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है। जिसमें उन्होंने चोरी की 16 वारदातें कबूली है।

थानाधिकारी हनवंत सिंह सोढा ने बताया कि बस्सी सामचोत निवासी ओनार सिह पुत्र नाथू सिह ने रिपोर्ट दी थी। जिसमें बताया कि दिनांक 07.09.2020 की रात भोलागिरी के साथ बस्सी धुणी स्थित बरामदे मे सो रहा था। इस बीच अज्ञात बदमाश खाट के पास आये और लाठियों से ताबड़तोड़ वार कर दोनों को घायल कर दिया। पीड़ितों ने भाग कर जान बचाई। बदमाश दोनों के मोबाईल फोन और मन्दिर की चाबियां चुरा कर भाग गए।

उक्त रिपोर्ट पर थानाधिकारी सोढा, एसआई वदनसिंह, हेड कॉन्स्टेबल जुलेदार खान, कांस्टेबल सुशील जानू, किशनाराम, पुष्कर पटेल की टीम ने घटना मे संलिप्त माल मुलिजमान की तलाश करते हुये अभियुक्त गावडापाल फला  वाजुवा निवासी दौला पिता नाथू मीणा व जगदीश पिता काना मीणा एवं भैसो  का  नामला निवासी गोपाल उर्फ गोपा पिता गेबा  मीणा को गिरफ्तार किया। पुलिस मामले के अन्य अभियुक्तों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है।

एक साल में चार थाना क्षेत्रों में की 16 वारदात-
1. दिनांक 07.09.2020 को बस्सी धुणी मन्दिर में रात्रि के वक्त घुसकर अन्दर सोये व्यक्तियो के  साथ मारपीट कर मोबाईल, चाबियां चोरी।
2. दिनांक 10.08.2021 को बस्सी में भंवरलाल मेवाडा के फार्म हाउस पर सबमर्सिबल मोटर मय केबल, स्टार्टर चोरी।
3.  दिनांक 21.07.2021 को खेराड के वालजी  पटेल की भागल में टयूबवेल से मोटर चोरी।
4. दो माह पूर्व अदकालिया स्थित सावरियाजी मन्दिर से मोटर, पित्तल के घण्टे चोरी।
5. छः माह पूर्व मोतीमगरी खेराड के सूने मकान  से रात्रि के वक्त चांदी के गहनों की चोरी।
6. तीन महीने पूर्व भैसो का नामला में खेत से  रात्रि के वक्त पानी की दो मोटरे चोरी।
7. दिनांक 25.06.2021 को महुडी बस स्टेण्ड पर एक केबिन से किराणा का सामान चोरी।
8. पीलादर पेट्रोल पम्प पर डरा धमका कर  पेट्रोल भरवाने की वारदात।
9.  गांधीपुरा स्थित देवी मन्दिर में चोरी।
10. गातोड थाना सराडा के मन्दिर में चोरी।
11. रतना  गार्डन  पैलेस  केवडा स्थित एक  मन्दिर में चोरी।
12. करीब 4 माह पूर्व खाखल थाना सराडा से चन्दन की लकडीया चोरी।
13. चाटपुर स्थित एक होटल से शराब चोरी।
14. जयसमन्द से एक माह पूर्व ढीमडा फाटक से मोटर चोरी।
15. दिनांक 22.09.2021 को  खेराड में  एक ट्रेक्टर के बम्पर चोरी।
16. सती माता मन्दिर में रात्रि के समय गुल्लक से नकदी चोरी।

***** सलूम्बर ब्लॉग *****

Sunday, 10 October 2021

भाजपा को राहत : धरियावद में बागी कन्हैया लाल नामांकन वापसी पर हुए सहमत

Salumbar Blog |
धरियावद विधानसभा उपचुनाव में अपना टिकिट कटने से भाजपा से बागी हुए कन्हैयालाल मीणा को पार्टी ने मना लिया है। भाजपा के खेतसिंह को टिकिट देने के बाद से नाराज हुए कन्हैयालाल और उनके समर्थकों ने भारी विरोध जताया था। बाद में उन्होंने निर्दलीय नामांकन भर मैदान में ताल ठोक दी थी।


रविवार को लसाडिया स्थित कृष्ण कुंज में  भाजपा के वरिष्ठ नेता व धरियावद के चुनाव प्रभारी राजेन्द्र राठौड़ ने कन्हैयालाल से बातचीत की। काफी मान मनुहार के बाद कन्हैया लाल को भाजपा के साथ काम करने के लिए राजी करते हुए नामांकन वापसी के लिए मना लिया।

पार्टी में मिला प्रदेश स्तरीय पद-
इसके बाद राठौड़ ने पार्टी हाईकमान को मौजूदा स्थिति के साथ कन्हैया लाल से हुई वार्ता से अवगत कराया। शाम को कन्हैया लाल को पार्टी ने प्रदेश मंत्री पद पर नियुक्त किया। उल्लेखनीय है कि धरियावद के दिवंगत विधायक गौतमलाल मीणा के बेटे, पूर्व प्रधान कन्हैयालाल की इस चुनाव में प्रबल दावेदारी थी। अब संभवतः सोमवार को नामांकन वापस लेंगे।

××××× सलूम्बर ब्लॉग *****

Thursday, 7 October 2021

पंचायत सहायक संघ का शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित

Salumbar Blog |

राजस्थान पंचायत सहायक संघ ब्लॉक सलूंबर की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण कार्यक्रम गुरुवार को बायण माता मंदिर परिसर में हुआ।


जिसमें अध्यक्ष उदय सिंह चूंडावत जाम्बुडा एवं उपाध्यक्ष राघव सालवी बनोड़ा ने अपने पद के कर्तव्य, गोपनीयता वहन की शपथ ली और संगठन हित में निष्ठा व्यक्त की।

संघ सदस्यों ने पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस मौके पर पंचायत सहायकों के नियमितीकरण एवं विभिन्न समस्याओं, मांगों पर चर्चा की गई।

साथ ही मुख्यमंत्री से उपचुनाव के तहत प्रस्तावित यात्रा में भेंट कर कांग्रेस के चुनाव घोषणा पत्र की ओर ध्यान आकृष्ट कराने पर सहमति हुई।

कार्यक्रम में महेंद्र त्रिवेदी, महेश शर्मा, विनोद मेहता, नारायण चौबीसा, दीपमाला भंडारी गजेंद्र सिंह राठौड़ बामणिया ने विचार व्यक्त किये।

***** ✍️ सलूम्बर ब्लॉग  *****

'दक्ष' बना उदयपुर संभाग का दूसरा मान्यता प्राप्त कोचिंग संस्थान

Salumbar Blog |
उदयपुर संभाग में दक्ष स्टडी सेंटर सलूंबर को राजस्थान सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना में शामिल किया गया है। जिससे अब *दक्ष* के ऑफलाइन बैच में मिलेगी फ्री कोचिंग।
राजस्थान सरकार की मुख्यमंत्री अनुप्रति योजना के तहत प्रदेश के आर्थिक रूप से पिछड़े व मेघावी पात्र अभ्यर्थियों को संस्थान द्वारा प्रमुख प्रोफेशनल कोर्स व प्रतियोगी परीक्षाओं की निः शुल्क कोचिंग प्रदान की जाएगी।

इसके लिए पात्र अभ्यर्थियों को 15 अक्टूबर तक एसएसओ पोर्टल या ई - मित्र कियोस्क के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

वर्तमान संस्थान पर ऑफलाइन बैच-
कॉन्स्टेबल, ग्राम विकास अधिकारी,
अध्यापक सेकंड ग्रेड, फाउंडेशन।
अधिक जानकारी के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें https://youtu.be/9xbDJJcLjXs

***** ✍️ सलूम्बर ब्लॉग *****

बम्पर चोरी के आरोप में 2 युवक गिरफ्तार

Salumbar Blog |
सलूम्बर थानांतर्गत खेराड में करीब 15 दिन पहले ट्रेक्टर के बम्पर चुराने के मामले में पुलिस ने 2 युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों से अन्य वारदातों का खुलासा हो सकता है।


थानाधिकारी हनवन्त सिह सोढा ने बताया कि विशेष टीम ने देवीलाल पिता रूपा मीणा निवासी बस्सी जोयरा कतार मगरी और धुला पिता हरजा मीणा निवासी वालरा फला खेराड को गिरफ्तार किया गया।

टीम में जूलेदार खान हेड कानि., सुशील कानि., किशनाराम कानि. शामिल थे।आपको बता दें कि खेराड निवासी रुपलाल पिता कचरु पटेल ने अज्ञात बदमाशों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें 22 नवम्बर की रात्रि को ट्रेक्टर के डंपर चोरी होना बताया था।

***** ✍️ सलूम्बर ब्लॉग *****

Tuesday, 5 October 2021

नवरात्रि को लेकर सजा ईडाणा माता का दरबार, अभिजित मुहुर्त में होगी घट स्थापना

✍ सलूम्बर ब्लॉग |

शारदीय नवरात्रि को लेकर मेवल के प्रसिद्ध शक्तिपीठ ईडाणा माता मंदिर में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. मन्दिर ट्रस्ट की ओर से पूरे मंदिर परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया है. आकर्षक विद्युत सज्जा भी की गई है. विविध धर्मानुष्ठान होंगे.


ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. कमलेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया की गुरूवार 7 अक्टूबर को अभिजित मुहुर्त में मध्यान्ह सवा 12 बजे घट स्थापना की जाएगी. इसके साथ ही शतचंडी महायज्ञ शुरु होगा. जिसमें 12 पंडितों का समूह द्वारा प्रतिदिन मंत्रोंचार के साथ यजमानों के हाथों आहुतियां प्रदान कराई जायेगी.


महायज्ञ की पूर्णाहुति दशमी को होगी. प्रतिदिन मातारानी का नव श्रंगार किया जायेगा. श्रद्धालुओं के लिए ट्रस्ट की तरफ से निशुल्क अल्पाहार, भोजन की व्यवस्था रहेगी. मंदिर में दर्शन व्यवस्था कोरोना गाइडलाइन के अनुरूप रहेगी. श्रद्धालु सोशल मीडिया पर भी ऑनलाइन दर्शन कर सकेंगे.


***** Salumbar Blog *****

भाजपा चुनाव प्रबन्धन समिति की बैठक में संचालन समिति का हुआ गठन, मण्डल प्रभारी लगाए

✍️ Salumbar Blog |

वल्लभनगर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा चुनाव प्रबन्धन समिति की बैठक मंगलवार को डबोक स्थित रुपिज रिसोर्ट में हुई। इसमें प्रदेश उपाध्यक्ष एवं उदयपुर सम्भाग प्रभारी हेमराज मीणा, जिलाध्यक्ष भंवर सिह पँवार, जिला महामंत्री महेंद्र औदिच्य, चुनाव प्रबन्धन समिति के ताराचंद जैन, रतन लाल गाडरी, नाहर सिंह जोधा मौजूद रहे।

भाजपा देहात जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने बताया कि बैठक में नामांकन दिवस से लेकर मतदान दिवस तक के चुनावी रोड मैप पर चर्चा हुई। संचालन समिति के गठन के साथ ही मण्डल प्रभारी व प्रवासी नियुक्त किये गए। साथ ही 7 अक्टूबर को चुनाव प्रबंधन समिति के वरिष्ठ नेताओं द्वारा वल्लभनगर के सभी 7 मंडलो की बैठक लेने व 8 तारीख को भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी का नामांकन दाखिल कराने का निर्णय हुआ।


इन्हें लगाया मण्डल प्रभारी -
वल्लभनगर- चंद्रगुप्त सिह चौहान, मेनार- नरेंद्र सिह आसोलिया, हिंता- गणेश लाल कुम्हार, भींडर -गणपत सोनी, केरेश्वर - रमेश जोशी, कानोड़ - महेन्द्र औदिच्य, कुराबड़ -रामकृपा शर्मा.

चुनाव संचालन समिति में ये शामिल -
सुरेश कंठालिया, लक्ष्मीनारायण मेनारिया, मदन सिह कृष्णावत, दिनेश जोशी, कमलेश शर्मा, भवँर लाल रावत, दलीचंद गर्ग, प्रकाश जैन, शांतिलाल मेघवाल, धनराज अहिर, गीता पटेल, आकाश वागरेचा, महावीर बया, मोहन मेनारिया, ललित मोहन मेनारिया, अनिल शर्मा, दर्शन शर्मा, ललित सिह सिसोदिया.

***** ✍️ सलूम्बर ब्लॉग *****

Monday, 4 October 2021

भाजयुमो ने किया 'लोकतंत्र सैनानी' जोशी का अभिनंदन

Salumbar Blog |
पीएम नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष में भाजपा में विभिन्न आयोजन जारी है. इसे लेकर भाजयुमो छप्पन मंडल सलूंबर की ओर से बरोडा स्थित बारोलजी मंदिर परिसर में रविवार को सेवा सप्ताह एवं समर्पण अभियान कार्यक्रम हुआ.
जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं ने 'लोकतंत्र सैनानी' एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंडल अध्यक्ष रामेश्वर जोशी का स्वागत-अभिनंदन किया. अपने उदबोधन में जोशी ने कार्यकर्ताओं से सेवा एवं समर्पण के माध्यम से राष्ट्र सेवा से जुड़ने की बात कही.

विशिष्ट अतिथि जिला परिषद सदस्य दौलत सिंह कलासुआ ने भी उदबोधन दिया. कार्यक्रम संयोजक मनोहर सिंह बस्सी ने  आभार ज्ञापित किया. संचालन गजेंद्र सिंह राठौड़ ने किया. भूरा लाल पटेल, नारायण सिंह चुंडावत, लक्ष्मण माल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

***** सलूम्बर ब्लॉग *****

Sunday, 3 October 2021

टिहरी की राजमाता सूरज कुंवर शाह के निधन से मेवाड़-वागड़ राज परिवार में भी शोक की लहर

Salumbar Blog |

टिहरी-गढ़वाल रियासत के शाही परिवार की राजमाता सूरज कुंवर शाह का 98 साल की उम्र में शनिवार 2 अक्तूबर को दिल्ली में निधन हो गया है. बताया जा रहा है कि वह काफी दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं. वह टिहरी गढ़वाल के महाराजा व 8 बार लोकसभा सांसद रहे मानवेंद्र शाह की पत्नी थी।

(चित्र- राजमाता सूरज कुंवर शाह)

उनके निधन की खबर से टिहरी जिले के साथ ही मेवाड़-वागड़ के शाही परिवारों में भी शोक की लहर दौड़ गई है. वहीं रविवार यानी आज उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शनों के लिए टिहरी के राजमहल में रखा जाएगा. उनका अंतिम संस्कार 4 अक्टूबर सोमवार को ऋषिकेश में पूर्णानंद घाट पर किया जाएगा.

राजस्थान के बांसवाड़ा, उदयपुर से गहरा रिश्ता-
उनका जन्म राजस्थान के बांसवाड़ा (वागड़) में 22 सितंबर 1923 में हुआ था. वह बांसवाड़ा रियासत के तत्कालीन महारावल पृथ्वीसिंह की पुत्री थी। उनका विवाह 4 फरवरी 1937 को टिहरी महाराजा मानवेंद्र शाह से हुआ था. बड़ी बेटी निरुपमा कुमारी वर्तमान में उदयपुर (मेवाड़) के शाही परिवार की महारानी है। यानी सूरज कुंवर महाराणा महेंद्र सिंह मेवाड़ की सास थी। ऐसे में बांसवाड़ा, उदयपुर के राज परिवार में शोक छाया हुआ है।

सूरज कुंवर का परिवार-
पति महाराजा मानवेन्द्र शाह का देहांत 5 जनवरी 2007 को हुआ था। उनके इकलौते पुत्र महाराजा मनुजेन्द्र शाह है। बहू माला राज्यलक्ष्मी शाह वर्तमान में टिहरी-गढ़वाल लोकसभा सीट से सांसद हैं. उनकी तीनों बेटियां राजस्थान के अलग-अलग राज परिवार की महारानियां है।

✍️ बिहारीलाल पुरोहित (सलूम्बर ब्लॉग)

केंद्रीय मंत्री मेघवाल को वल्लभनगर, उपनेता राठौड़ को मिला धरियावद का प्रभार

Salumbar Blog |
भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान विधानसभा उपचुनाव अक्टूबर-2021 को लेकर प्रभारी और सह-प्रभारी बनाने के साथ ही चुनाव प्रबन्धन कमिटियां गठित की है।
प्रदेश अध्यक्ष सतीश पुनिया की अध्यक्षता में एक दिन पहले राजधानी जयपुर में हुई कोर कमिटी की बैठक में चर्चा के बाद प्रभारी, सह-प्रभारी की घोषणा की। इन्हें बनाया प्रभारी, सह-प्रभारी-

वल्लभनगर विधानसभा :
प्रभारी- केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल।
सह-प्रभारी- चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी, राजसमंद सांसद दीया कुमारी, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, विधायक सुरेश रावत।

धरियावद विधानसभा :
प्रभारी- उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़।
सह-प्रभारी- सलूम्बर विधायक अमृतलाल मीणा, विधायक जोगेश्वर गर्ग, प्रदेश महामंत्री सुशील कटारा, पूर्व विधायक नानालाल अहारी।

कटारिया को लेकर चर्चे-
भाजपा कोर कमेटी की बैठक में मेवाड़ से पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया की अनुपस्थिति और प्रभारियों की घोषणा में इनका नाम नदारद होना सियासी हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया गया कि बैठक के वक़्त कटारिया जयपुर ही थे मगर वे उदयपुर के लिए रवाना हो गए। कटारिया को इन चुनाव में अहम जिम्मेदारी नहीं मिलने को लेकर कई चर्चाएं है। जिनमें उनके द्वारा पिछले दिनों भगवान राम और वीरवर महाराणा प्रताप पर गलत बयान बाजी को प्रमुख कारण माना जा रहा है।

***** सलूम्बर ब्लॉग *****

Saturday, 2 October 2021

मेवाड़ क्षत्रिय महासभा कार्यकारिणी में लवदेव सिंह जिलाध्यक्ष और डॉ. राठौड़ बने मंत्री.

Salumbar Blogमेवाड़ क्षत्रिय महासभा संस्थान उदयपुर की जिला कार्यकारणी के चुनाव शनिवार को मीरा मेदपाट भवन उदयपुर में हुए। अध्यक्षता चुनाव अधिकारी हरि सिंह भाटी, मुख्य अतिथि महासभा केंद्रीय अध्यक्ष बालू सिंह कानावत तथा विशिष्ट अतिथि केंद्रीय महामंत्री तनवीर सिंह कृष्णावत थाणा व देवड़ा नोबल्स सोसायटी के अध्यक्ष फतह सिंह देवड़ा थे।

निर्विरोध हुआ निर्वाचन-
चुनाव प्रक्रिया में उदयपुर जिले की सभी 19 तहसील व पंचायत समितियों के निर्वाचित पदाधिकारी मौजूद रहे। आपसी सामंजस्य, समर्थन और एकल नाम होने से सभी 7 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। इसके तहत जिला कार्यकारिणी में कुमार लवदेव सिंह कृष्णावत कुराबड़ अध्यक्ष, ओनार सिंह देवड़ा फांदा उपाध्यक्ष, डॉ. कमलेन्द्र सिंह राठौड़ बेमला मंत्री, कुंदन सिंह भाटी मुरौली संयुक्त मंत्री और सज्जन सिंह सुलावास कोषाध्यक्ष चुने गए। इसी तरह केंद्रीय कार्यकारणी हेतु उदयपुर जिला प्रतिनिधि पद पर भवानी प्रताप सिंह ताणा व  महेन्द्रनाथ चौहान फलीचडा निर्वाचित किये गए।
नई कार्यकारिणी को फूल मालाओं से लादा-
आरंभ में उदयपुर शहर कार्यकारिणी अध्यक्ष  चंद्रवीर सिंह करेलिया ने स्वागत उद्बोधन दिया और तमाम तहसील अध्यक्ष व पदाधिकारियों का परिचय कराया। निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा पश्चात नवीन कार्यकारिणी का गर्म जोशी से स्वागत किया गया। समाजजनों ने पदाधिकारियों को फूल मालाओं से लाद दिया और उपरणे, पगड़ी, साफे पहनाकर बधाई दी।

***** सलूम्बर ब्लॉग *****

सुलगते सवाल और महात्मा गांधी के विचार

Salumbar Blog संकलन- स्वराज करुण
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर आइए आज देश के विभिन्न सुलगते सवालों के जवाब उनके विचारों में ढूंढने की कोशिश करें.

आख़िर कब आएगी आर्थिक समानता ?
*****
आर्थिक समानता के लिए काम करने का मतलब है- पूंजी और मजदूरी के बीच के झगडों को हमेशा के लिए मिटा देना. इसका अर्थ यह होता है कि एक ओर जिन मुट्ठी भर पैसे वालों के हाथ में राष्ट्र की सम्पत्ति का बड़ा भाग इकट्ठा हो गया है, उनकी सम्पत्ति  को कम करना और दूसरी ओर जो करोड़ों लोग आधे पेट खाते और नंगे रहते हैं, उनकी सम्पत्ति में वृद्धि करना. जब तक मुट्ठी भर धनवानों और करोड़ों भूखे रहने वालों के बीच बेइन्तहा अन्तर बना रहेगा, तब तक अहिंसा की बुनियाद पर चलने वाली राज व्यवस्था कायम नहीं हो सकती. आजाद हिन्दुस्तान में देश के बड़े-से-बड़े धनवानों के हाथ में हुकूमत का जितना हिस्सा होगा, उतना ही गरीबों के हाथ में भी होगा और तब नयी दिल्ली के महलों और उनकी बगल में बसी हुई गरीब मजदूर बस्तियों के टूटे-फूटे झोपड़ों के बीच जो दर्दनाक फर्क आज नज़र आता है, वह एक दिन को भी नहीं टिकेगा.
            
आर्थिक समानता का मतलब ?
*****
अगर धनवान लोग अपने धन को और उसके कारण मिलने वाली सत्ता को खुद राजी-खुशी से छोड़कर और सबके कल्याण के लिए सबके साथ मिलकर बरतने को तैयार न होंगे तो यह तय समझिए कि हमारे देश में हिंसक और खूंखार क्रान्ति हुए बिना नहीं रहेगी. आर्थिक समानता का मतलब है- जगत में सबके पास समान सम्पत्ति का होना. यानी सबके पास इतनी सम्पत्ति का होना, जिससे वे अपनी कुदरती आवश्यकताएं पूरी कर सकें. पूर्ण आदर्श तक हम कभी नहीं पहुँच सकते, मगर उसे नज़र में रखकर हम व्यवस्था करें. जिस हद तक हम इस आदर्श को पहुँच सकेंगे, उसी हद तक सुख और संतोष प्राप्त करेंगे और उसी हद तक सामाजिक अहिंसा सिद्ध हुई कही जा सकती है. अहिंसा द्वारा यह आर्थिक समानता कैसे लायी जा सकती है ? इसका विचार करें.      

देश की ग़रीब प्रजा से करें अपनी तुलना
*****
पहला कदम यह है कि जिसने इस आदर्श को अपनाया हो, वह अपने जीवन में आवश्यक परिवर्तन करे. हिन्दुस्तान की गरीब प्रजा के साथ अपनी तुलना करके अपनी आवश्यकताएं कम करे. अपनी धन कमाने की शक्ति को नियंत्रण में रखे. जो धन कमाए, उसे ईमानदारी से कमाने का निश्चय करे. सट्टे की वृत्ति हो तो उसका त्याग करे. घर भी अपनी सामान्य आवश्यकता पूरी करने लायक रखे और जीवन को हर तरह से संयमी बनाए. अपने जीवन में सम्भव सुधार कर लेने के बाद अपने मिलने-जुलने वाले और अपने पड़ोसियों में समानता के आदर्श का प्रचार करे.
(उनके विचार संकलन  'मेरे सपनों का भारत' से साभार )

अधिकारों के लिए हिंसा काँटों भरा रास्ता
*****
अधिकार प्राप्त करने के लिए हिंसा का आश्रय लेना शायद आसान मालूम हो, किन्तु  यह रास्ता अन्त में काँटों वाला सिद्ध होता है. जो लोग तलवार द्वारा जीवित रहते हैं. वे तलवार से ही मरते हैं. तैराक अक्सर डूबकर मरता है. यूरोप की ओर देखिए वहां कोई सुखी दिखाई नहीं देता, क्योंकि किसी को भी संतोष नहीं है. मजदूर पूंजीपति का विश्वास नहीं करता और पूंजीपति को मजदूर में विश्वास नहीं है. दोनों में एक प्रकार की स्फूर्ति और ताकत है, लेकिन वह तो बैलों में भी होती है. बैल भी मरने की हद तक लड़ते हैं. कैसी भी गति प्रगति नहीं है. हमारे पास यह मानने का कोई कारण नहीं है कि यूरोप के लोग प्रगति कर रहे हैं. उनके पास जो पैसा है, उससे यह सूचित नहीं होता कि उनमें कोई नैतिक या आध्यात्मिक सदगुण है. दुर्योधन असीम धन का स्वामी था, लेकिन विदुर या सुदामा की तुलना में वह गरीब ही था. आज दुनिया विदुर और सुदामा की पूजा करती है, लेकिन दुर्योधन का नाम तो उन सब बुराइयों के प्रतीक के रूप में ही याद किया जाता है, जिनसे आदमी को बचना चाहिए .
(उनके विचार संकलन 'मेरे सपनों का भारत' से साभार )

लोग वकील क्यों बनते हैं ?
*****
लोग दूसरों का दुःख दूर करने के लिए नहीं, बल्कि पैसा पैदा करने के लिए वकील बनते हैं. वह एक कमाई का रास्ता है. इसलिए वकील का स्वार्थ झगड़ा बढ़ाने में है. यह तो मेरी जानी हुई बात है कि जब झगड़े होते हैं तब वकील खुश होते हैं. मुख्तार लोग भी वकील की जात के हैं. जहां झगड़े नहीं होते  वहाँ भी वे झगड़े खड़े करते हैं. उनके दलाल जोंक की तरह गरीब लोगों से चिपकते हैं और उनका खून चूस लेते हैं .
(उनकी पुस्तक 'हिन्द स्वराज' से साभार )

शहरवासियों ने किया ग्रामीणों का शोषण
*****
मेरा विश्वास है और मैंने इस बात को असंख्य बार दुहराया है कि भारत अपने चन्द शहरों में नहीं, बल्कि सात लाख गाँवों में बसा हुआ है. लेकिन हम शहरवासियों का ख्याल है कि भारत शहरों में ही है और गाँवों का निर्माण शहरों की जरूरतें पूरी करने के लिये ही हुआ है. हमने कभी यह सोचने की तकलीफ नहीं उठायी कि उन गरीबों को पेट भरने जितना अन्न और शरीर ढँकने जितना कपड़ा मिलता है या नहीं, और धूप तथा वर्षा से बचने के लिये उनके सिर पर छप्पर है या नहीं ?
मैंने पाया है कि शहरवासियों ने आम तौर पर ग्रामवासियों का शोषण किया है. सच तो यह है कि वे गरीब ग्रामवासियों की ही मेहनत पर जीते हैं. शहर अपनी हिफाजत आप कर सकते हैं. हमें तो अपना ध्यान गांवों की ओर लगाना चाहिए ।
गाँवों और शहरों के बीच स्वास्थ्यपूर्ण और नीतियुक्त सम्बन्ध निर्माण तब होगा, जबकि शहरों को अपने इस कर्त्तव्य का ज्ञान होगा कि उन्हें गाँवों का स्वार्थ के लिये शोषण करने के बजाय, गाँवों से जो शक्ति और पोषण वे प्राप्त करते हैं, उसका पर्याप्त बदला देना चाहिए ।
(उनके विचार संकलन  'मेरे सपनों का भारत' से साभार)

अंग्रेजी शिक्षा यानी गुलामी
*****
करोड़ों लोगों को अंग्रेजी की शिक्षा देना उन्हें गुलामी में डालने जैसा है. मैकाले ने शिक्षा की जो बुनियाद डाली, वह सचमुच गुलामी की बुनियाद थी. अंग्रेजी शिक्षा लेकर हमने अपने राष्ट्र को गुलाम बनाया है.अंग्रेजी शिक्षा से दम्भ, राग, ज़ुल्म वगैरह बढे हैं. अंग्रेजी शिक्षा पाए हुए लोगों ने प्रजा को ठगने में, उसे परेशान करने में कुछ भी नहीं उठा रखा है. क्या यह कम ज़ुल्म की बात है कि अपने देश में अगर मुझे इन्साफ पाना हो, तो मुझे अंग्रेजी भाषा का उपयोग करना चाहिए! बैरिस्टर होने पर मै स्वभाषा में बोल ही नहीं सकता ! दूसरे आदमी को मेरे लिए तर्जुमा (अनुवाद) कर देना चाहिए ! यह क्या कुछ कम दम्भ है ? यह गुलामी की हद नहीं तो और क्या है? हिन्दुस्तान को गुलाम बनाने वाले तो हम अंग्रेजी जानने वाले लोग ही हैं ! राष्ट्र की हाय अंग्रेजों पर नहीं पड़ेगी, बल्कि हम पर पड़ेगी !
(उनकी प्रसिद्ध पुस्तक ' हिन्द स्वराज्य' से साभार)

***** सलूम्बर ब्लॉग *****

उप चुनाव का असर : उदयपुर, प्रतापगढ़ जिले में नहीं चलेगा 'प्रशासन गांवों के संग अभियान'

Salumbar Blog |
राजस्थान सरकार का बहु प्रतीक्षित 'प्रशासन गांवों के संग अभियान' फिलहाल कुछ जिलों में में नहीं चल पाएगा। यह अभियान प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ गांधी जयंती 2 अक्टूबर 2021 से शुरू होना था।
दरअसल राजस्थान के 4 जिलों में विधानसभा उप चुनाव, पंचायती राज चुनाव होने है। चुनाव के तहत आचार संहिता लागू होने से इन जिलों में अभियान स्थगित किया गया है। जबकि 29 जिलों में अभियान पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अनुसार जारी रहेगा।

राजस्थान सरकार ने एक आदेश जारी कर चुनाव आचार संहिता के मद्देनजर उदयपुर, प्रतापगढ़, अलवर व धौलपुर जिले में प्रशासन गांवों / शहरों के संग अभियान को स्थगित किया है।

आपको बता दें कि उदयपुर के वल्लभनगर और प्रतापगढ़ के धरियावद सीट के लिए चुनावी प्रक्रिया चल रही है। इसी तरह अलवर, धौलपुर जिले में पंचायती राज चुनाव है। ऐसे में 5 नवंबर को आचार संहिता समाप्त होने के बाद ही वंचित जिलों में यह अभियान चलाया जा सकेगा।

... सलूम्बर ब्लॉग ...

@प्रशासन गांवों के संग अभियान @उपचुनाव @आचार संहिता

श्राद्ध पक्ष में संझ्या : राग, रंग और शृंगार। कला का कनागत : आलेख्य का आसोज

Salumbar Blog डॉ. श्रीकृष्ण "जुगनू

आश्विन के महीने में भित्तिचित्र बनाने की परिपाटी बहुत पुरानी है। उस काल की जबकि मानव ने बारिश में धूली हुई पहाड़ी पत्थर वाली भित्तियों को उघाडी देखा और चींटी, कर्मला - कामला, गजाई, घेंगा आदि रेंगने वाले जंतुओं से बचाव के लिए गाय के गोबर का प्रयोग करना सीखा। बाद में, गोबर के उभरांकन सुगम रूप से करने के लिए आधार पर हिरमिच से रेखांकन किया। शैलाश्रय में भी ऐसे अंकन मिल जाते हैं। हिरमिच और खड़िया के नाम हड़मची और खड़मची क्या ऐसे ही हो गए!

गृहिणियां और महिलाएं, खासकर लड़कियां इस काम में आगे आईं। गुहाओं में गोबर से सज्जा का यह काम काम संजा या संझ्या भी कहा जाने लगा। संझ्या को सांझ से जुड़ा कन्‍या पर्व कहा जाता है, यह क्वार के कनागत का पक्ष पर्व भी है। सांझी, संझ्या, संध्या, क्वार चितराम, मामुलिया, भितां, रनु, रली, झांजी ... कई नाम मगर एक ही पर्व।

यह विश्वास भी पनप गया कि यह श्राद्धपक्ष में लोकदेवी संझ्या के स्‍मरण का सुअवसर है। लेकिन, इसमें पूर्ववर्ती पीढ़ियों के पात्रों, जो कि पूर्वज - पितर हैं, को उपकरणों, गतिविधियों समेत चित्रित करने का काम तो किया ही जाता है। गुहा चित्रों की पृष्ठभूमि इस प्रसंग में तुलनीय है। पानी पर रंग, आंगन में पत्तों से अंकन बहुत बाद में आया। उत्तर मध्यकाल में तो सांझी पर पदों की रचना भी होने लगी।

हमें पता है कि कन्याएं तिथि के अनुसार गाय के गोबर से नित नई आकृतियां बनाकर पत्‍तों, फूल-केसर, पंखुडियों से उसे सजाती हैं और फिर आरती करती हैं। 'आरती' यानी अपनी ही बनाई गई कला को कोई बुरी नजर न लग जाए, इसलिए निराकरण का उपाय। आरात्रिक या आरार्तिक... आरती का मूल विचार इस पर्व के साथ जुड़ा है। गो गोबर, गोलमण्‍डल, गुलपोशी, गोधूली वेला, गीतों से गुणगान... और पूरे पन्‍द्रह दिन बाद विसर्जन...। गुहा से गमन।

वेद में उषादेवी और रात्रि देवी के आवाहन का संदर्भ है मगर संध्‍यादेवी के पूजन का यह अनूठा पर्व है, जो प्रत्‍येक तिथि के साथ जुड़ी है और तिथि के वृद्धिसूचक अंकों के अनुसार अपना आकार तय करती जाती है... नारदपुराण में इन्‍हीं गुणों के कारण संध्‍यावली को श्रेष्‍ठ नायिका कहा गया है जो पति, पुत्र सहित महालय में लीन होती है लेकिन इसका खास सन्दर्भ सांब पुराण और ब्रह्माण्ड पुराण धारण किए हुए हैं लेकिन यह बड़ा सच है कि लोक से ही पुराणकारों ने ज्यादातर उधार लिया है। लोक का श्लोक किया है। हमें लोक के संदर्भ लोक में ही खोजने चाहिए। देखिए :

आला फूलां भरियो वाटको जी कांई,
संझ्या की बाई ओ,
संझ्या ने भेजो करां संझ्या री आरती...।

कानवन गांव के श्री नंदकिशोर प्रजापति और उनके साथियों ने संजा गीत संग्रह तैयार कर बंटवाया है। उज्जैन की डॉ. ज्योति बाला बैस और बेटी ने इस चित्र पर्व के चित्रों को जुटाया है और कहा है कि जितने दिन उससे ज्यादा त्योहार हम मना लेते है। उत्सव प्रिय जो ठहरे। जब उत्सवों को धर्म से सम्बद्ध किया तो ये आस्था में रच बस गए और पूज्य हो गए।

संजा लोकदेवी है और भादौ की पूर्णिमा को अपने मायके पधारती हैं। सखियों के संग खूब चुहलबाजी करती हैं। नन्ही बालिकाओं द्वारा दीवार पर गोबर से अनेक मंगल आकृतियां निर्मित की जाती हैं और सांझ ढले अर्चना होती है। दीप प्रज्वलित कर आरती की जाती है और कोमल कंठों से निकली स्वर लहरी सांझ वेला को रसमयी बना देती है। एक सांझी गीत :

काजल टीकी लो भई काजल टीकी लो,
काजळ टीकी लई ने म्हारी संजा बई के दो,
संजा बई को सासरो सांगानेर,
परण पधारिया गढ़ अजमेर...।

खूब सारे छोटे-छोटे गीत जो लगभग बाल कविता जैसे हैं, गाये जाते है, सबसे प्रमुख अंग है प्रसाद वितरण ,जो खट्टा, मीठा, तीखा कैसा भी हो, आसानी से वितरित नहीं होता है। परीक्षा है ये नाक के घ्राण शक्ति की, कानो की आवाज से पहचानने की,आँखों की छिपाकर रखी चीज को जानने की कि आखिर है क्या ? बताने में असफल रहने पर भी प्रसाद तो मिलता ही है। भुट्टे के दाने, अमरूद, सेवफल से लेकर चना चिरौंजी तक और फिर अगली लड़की के घर जाकर यही क्रम दोहराया जाता है, जब तक सबके घर पूजन न हो जाय।

हमने भी मनाया इस पर्व को खूब उल्लास के संग। एक गुट होता था सहेलियों का जो पहले गोबर फिर फूल पत्तियों की जुगाड़ करता। भाई भी मदद करते। पान की दुकान से सिगरेट की पन्नी कबाड़ लाते संजा की सज्जा के लिए। कोई कचहरी के बाहर रद्दी कार्बन और बटरपेपर बीन लाता। घर के हल्दी, कुमकुम, चावल और हो जाती संजा तैयार। डॉ. ज्योति लिखती हैं कि बालिकाओं द्वारा गोबर से दीवाल पर प्रतिदिन भिन्न भिन्न मंगल आकृतियों का निर्माण कर इस उत्सव को मनाया जाता है। सांझी को रिझाया जाता है। 

..... सलूम्बर ब्लॉग ....

शरद पूर्णिमा के लिए पौराणिक भारतीय आयुर्वेद का विशेष योग

S alumbar Blog |  ए क सूखे नारियल (खोपरा, गोटा, गोला) को बीच में से काटकर दो टुकड़े करें.  एक कांसी की थाली लें.  अब एक खोपरे के टुकड़े में ज...