✍️ सलूम्बर ब्लॉग | Salumbar Blog |
28.11.21 | उदयपुर रोड स्थित वैद्यनाथ धूणी के दिवंगत महंत शुक्लगिरी महाराज का दो दिवसीय षोडशी भण्डारा कार्यक्रम रविवार को धूमधाम से सम्पन्न हुआ। इस दौरान हुए सन्त समागम में मेवाड़ वागड़ के विभिन्न मठ मंदिरों के दर्जनों साधु-महात्मा शामिल हुए।
दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत शनिवार सवेरे से धूणी पर संतों का आगमन शुरू हो गया। संध्या आरती के बाद महंत घनश्याम गिरी के सानिध्य में रात्रि जागरण, भजन कार्यक्रम हुआ। मेवल के प्रसिद्ध लोक भजन गायक शंकरपुरी सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भी भक्ति धुनों पर प्रस्तुतियां दी।
रविवार दोपहर संगेसरा मठ के महंत रामचन्द्र गिरी महाराज के सान्निध्य में शुक्लगिरी महाराज की समाधि पर पूजन कर भोग धराया गया। इसके बाद सोलह साधुओं को इतनी ही वस्तुओं का दान कर भोजन कराया गया।
श्रद्धालुओं ने महंत घनश्याम गिरी, रविकांत महाराज का माल्यापर्ण कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान पांडाल गुरुदेव के जयकारों से गूंजता रहा। शिवानंद गिरी, ओम पुरी, अनिरूद्ध गिरी महाराज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
No comments:
Post a Comment